Bihar Politics: मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के बाद बिहार की सियासत गर्म हो गई है। अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी पर हो रहे एक्शन पर तेजस्वी यादव का बयान आया है। तेजस्वी ने कहा है कि उन्होंने इसकी भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी। उन्होंने कहा कि जिन तीन विधायकों ने गद्दारी की आज उनकी क्या हालत है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा में जब विश्वासमत चल रहा था, हमारे तीन विधायक नीलम देवी, आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद और प्रह्लाद यादव थे। उस वक्त भी हमने कहा था कि जहां वे समर्थन दे रहे हैं, समय बताएगा कि आपलोगों के साथ क्या होगा। आज आनंद मोहन परेशान हैं, प्रह्लाद यादव को तो टिकट भी नहीं मिला। वे आज कहां हैं। अनंत सिंह की हालत देख लीजिए, क्या स्थिति बनी हुई है।
तेजस्वी ने कहा कि इन तीनों ने पार्टी के साथ जो गद्दारी की थी, हमने उस समय भी चेताया था कि उनका कुछ होने वाला नहीं है। आज वह भविष्यवाणी सच बनकर सामने आ रही है। उस वक्त हमने एक और भविष्यवाणी की थी। हमने कहा था कि नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं। हमने कहा था कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा। बिहार का चुनाव हुआ और सौ दिन के अंदर नीतीश कुमार को हटा दिया गया।
उन्होंने कहा कि हमने यह भी कहा था कि चुनाव के बाद जेडीयू खत्म हो जाएगी। आज देख लीजिए जेडीयू में किस तरह से आपस में ही लड़ाई चल रही है। हमारी सारी बातें आज सच हो रही हैं। हमने कहा था कि नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं और इनका सिर्फ इस्तेमाल हो रहा है। एक साल तक बीजेपी ने सिर्फ इसलिए ठोया कि उन्हें चुनाव में वोट चाहिए था।
तेजस्वी ने दावा किया कि जिनको आज मुख्यमंत्री बनाया गया है, उनके चेहरे पर एनडीए को 10 सीट भी नहीं मिलने वाला है। आज जेडीयू बीजेपी की एक प्रकोष्ठ मात्र बनकर रह गई है। इनके जो कार्यकारी अध्यक्ष हैं, बीजेपी से निकले हुए लोग हैं। इन लोगों ने तो जेडीयू को बेच दिया। पद और स्वार्थ के लिए बर्बाद कर दिया। वहीं अनंत सिंह के आरजेडी में एंट्री पर तेजस्वी ने कहा कि हमारी तरह से किसी को कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है।
वहीं खरगे के बयान को लेकर छिड़े विवाद पर तेजस्वी ने कहा कि बात का बतंगड़ बनाया जा रहा है। सरकार में बैठे हुए लोग मुख्य मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, बिहार की जनता का कोई काम नहीं कर रहे हैं, प्रधानमंत्री से बिहार के लिए स्पेशल पैकेज की मांग नहीं कर रहे हैं। डबल इंजन की सरकार है लेकिन बाढ़ और सुखाड़ के लिए कोई मदद बिहार को नहीं मिला।
तेजस्वी ने कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जब से सरकार बनी है कोई काम नहीं हुआ है। तेजस्वी ने कहा कि जबरदस्ती से चोरी से आई सरकार है। दो नंबरी सरकार है और दस नंबरी मुख्यमंत्री हैं, उससे क्या ही अपेक्षा की जा सकती है। बात का बतंगड़ बनाना इन लोगों का काम है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना





