Rahul Gandhi Convoy Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं. हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में 89.5 किलोमीटर के माइलस्टोन के पास हुआ. राहत की बात यह रही कि राहुल गांधी की गाड़ी सुरक्षित रही.
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी सोमवार सुबह लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले में पीछे चल रही गाड़ियों के बीच टक्कर हो गई. हादसे के बाद काफिले में शामिल वाहनों को लेकर स्थिति पर नजर रखी गई. शुरुआती जानकारी में राहुल गांधी की गाड़ी के सुरक्षित होने की बात सामने आई है.
कैसे हुआ हादसा, वजह अभी स्पष्ट नहीं
यह दुर्घटना हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 89.5 किलोमीटर के पास हुई. टक्कर काफिले में राहुल गांधी की गाड़ी के पीछे चल रहे वाहनों के बीच हुई. हालांकि, गाड़ियां किन परिस्थितियों में आपस में टकराईं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने या वाहनों को नुकसान पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
मानहानि मामले में अदालत जा रहे थे राहुल गांधी
राहुल गांधी सुल्तानपुर की विशेष MP/MLA अदालत में पेश होने के लिए लखनऊ से रवाना हुए थे. उन्हें साल 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में फैसले के सिलसिले में अदालत में उपस्थित होना था. इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों के बीच टक्कर हो गई.
हादसे के बावजूद शुरुआती जानकारी के अनुसार राहुल गांधी की गाड़ी सुरक्षित रही. दुर्घटना के कारणों और अन्य वाहनों की स्थिति को लेकर आगे की जानकारी सामने आने का इंतजार है.





