Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में एक युवक को कथित तौर पर अगवा कर सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है. पीड़ित मनोज कुमार यादव ने कल्याणपुर थाने में आवेदन देकर कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना में जेडीयू विधायक शालिनी मिश्रा के करीबी बताए जा रहे छोटन सिंह समेत कई लोग शामिल थे.
मनोज यादव के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे वह गीता आश्रम स्कूल के पास अपना खेत देखने गए थे. इसी दौरान कई लोग चारपहिया वाहनों और बाइक से वहां पहुंचे और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों के पास लाठी, लोहे की रॉड और हथियार थे.
पीड़ित ने अपने आवेदन में छोटन सिंह और अभिषेक कुमार सिंह उर्फ लड्डू सिंह पर पिस्टल तानने का आरोप लगाया है. वहीं, शैलेश कुअर पर मोबाइल छीनने और अन्य लोगों पर जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप लगाया गया है. मनोज यादव का दावा है कि इसके बाद उन्हें आंख और हाथ बांधकर दरमाहा जंगल की ओर ले जाया गया.
10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप
मनोज यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि जंगल में ले जाने के बाद छोटन सिंह ने उनसे 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने की बात कही. पीड़ित के अनुसार, रुपये देने से इनकार करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सौरभ कुमार ने रस्सी से गला दबाने की कोशिश की, जबकि अन्य आरोपितों ने लाठी और पैना से मारपीट की. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि इसी दौरान अनमोल कुमार ने चाकू से गर्दन के पास हमला किया, जिससे वह घायल हो गए.
वीडियो बनाने और जबरन हस्ताक्षर कराने का भी आरोप
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद छोटन सिंह ने उसके हाथ में पिस्टल रख दी और जेब में गोली डाल दी. इसके बाद मोबाइल से उसका वीडियो बनाया गया. मनोज यादव के मुताबिक, विवेक तिवारी ने कथित तौर पर हथियार के बल पर 1000 रुपये के स्टांप पेपर पर उनसे जबरन हस्ताक्षर भी करवाए.
पीड़ित का आरोप है कि पूरी घटना के दौरान उसे गंभीर परिणाम भुगतने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई.
मनोज यादव के अनुसार, रातभर अपने कब्जे में रखने के बाद आरोपितों ने 21 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे उसके हाथ और मुंह बांधकर दरमाहा विशुन सिंह के पोखर के पास छोड़ दिया. बाद में आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने उसे देखा और हाथ खोलकर इलाज के लिए कल्याणपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया.
विधायक शालिनी मिश्रा के करीबी का नाम आने से मामला चर्चा में
इस पूरे मामले में जेडीयू विधायक शालिनी मिश्रा के करीबी बताए जा रहे छोटन सिंह का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है. पीड़ित ने अपने आवेदन में छोटन सिंह को मुख्य आरोपितों में शामिल करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, विधायक शालिनी मिश्रा की ओर से इस मामले में उनका कोई आधिकारिक बयान सामने आया है या नहीं, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है.
घटना से जुड़ा कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में एक युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है. वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान भी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं की गई है.
21 अक्टूबर को दर्ज कराई प्राथमिकी
पीड़ित के अनुसार, घटना के अगले दिन 21 अक्टूबर को उसने कल्याणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. उसने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है. पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोपितों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए यह भी दावा किया है कि उनमें से कुछ लोग पहले जेल जा चुके हैं.





