Bihar MLC Election: पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए विधान परिषद चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। मतगणना के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 14 टेबल और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सात टेबल निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मतगणना का परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है।
सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने पटना के बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित वज्रगृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की समीक्षा की। साथ ही, 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से मतगणना के दौरान सुरक्षा और निगरानी को लेकर जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं।





