Bihar News: बिहार राज्य योजना पर्षद् के नवनियुक्त उपाध्यक्ष देवेश कुमार ने आज पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर योजना एवं विकास विभाग के पदाधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ भाजपा नेतागण एवं पारिवारिक सहयोगी, शुभचिंतक मौजूद रहे।
सूचना भवन के पाॅंचवाॅं तल स्थित योजना परिषद् उपाध्यक्ष कार्यालय में देवेश कुमार अपनी पत्नी श्रीमती वीरा शर्मा के साथ ठीक 11:00 पहुंचे, जहां विभाग की अपर मुख्य सचिव एन० विजयलक्ष्मी ने फूलों के गुलदस्ते के साथ स्वागत किया। साथ में विभाग के अपर सचिव श्याम बिहारी मीणा, निदेशक सुभाष दास राम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। देवेश कुमार के पदभार ग्रहण के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ० अजय आलोक, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ० निखिल आनंद, चिकित्सक डॉ० आलोक अभिजीत, उदय चंद्र, संजीव क्षत्रिय, रंजन कुमार गौतम, कुणाल कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद देवेश कुमार ने विभाग के उपस्थित पदाधिकारी एवं कर्मचारियों से परिचयात्मक मुलाकात की। तत्पश्चात् विभाग की अपर मुख्य सचिव एन० विजयलक्ष्मी और अपर सचिव श्याम बिहारी मीणा से लगभग एक घंटे तक योजना पर्षद् के पूर्व में किए गए कार्य, वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा की। पदभार ग्रहण करने के बाद देवेश कुमार ने उपस्थित पत्रकारों बात करते हुए कहा, "बिहार में योजना निर्माण, कार्यान्वयन और भविष्य दृष्टि को लेकर काम की बहुत ही विस्तृत संभावनाएं हैं। ऐसे में योजना पर्षद् का महत्व बहुत बड़ा है। राष्ट्रीय स्तर पर नीति आयोग के समान ही बिहार राज्य की एक प्रमुख थिंक टैंक के रूप में योजना पर्षद् स्थापित हो सकती है। बिहार के विकास के लिए और बेहतर भविष्य के लिए योजना पर्षद् की उपयोगिता को प्रमुखता से स्थापित करना हमारा मुख्य लक्ष्य होगा।"





