Bihar Politics: मोकामा विधायक अनंत सिंह के 9 मर्डर वाले बयान को लेकर बिहार की सियासत गर्म हो गई है। केंद्र और बिहार की सत्ता में सहयोगी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अनंत सिंह पर कार्रवाई की मांग की है। मांझी की डिमांड पर अब मोकामा विधायक अनंत सिंह का जवाब आया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कार्रवाई होगी तो देखा जाएगा।
दरअसल, दरअसल, अनंत सिंह के 9 मर्डर वाले हालिया बयान को लेकर जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से सवाल किया गया, तो उन्होंने इस मामले को लेकर अपनी राय रखी। मांझी ने कहा कि यह अनंत सिंह का मामला है कि उन्होंने 9 मर्डर किया है या 10 मर्डर किया है, लेकिन उनकी नजर में हत्या करना गलत है।
उन्होंने कहा कि हत्या चाहे किसी के लिए की गई हो या किसी के कहने पर करवाई गई हो, उसे सही नहीं माना जा सकता। उन्होंने जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जब मीडियाकर्मियों ने अनंत सिंह से पूछा कि जीतन राम मांझी ने कार्रवाई की मांग की है, तब उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि कार्रवाई होगी तो देखल जाएगा। इस दौरान एमएलसी चुनाव में जीत का दावा करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि, 12 आना वोट हमको मिलेगा बाकी चार आना वोट में अन्य सभी को मिलेगा।
बता दें कि मोकामा के विधायक अनंत सिंह बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज और विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल के दिनों में वह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर भी सुर्खियों में हैं। इस चुनाव में वह जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं, जबकि एनडीए की ओर से जेडीयू के मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार मैदान में हैं। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक मतभेद खुलकर सामने आ चुके हैं। अनंत सिंह कई बार नीरज कुमार के विरोध में अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।





