1st Bihar Published by: BADAL ROHAN Updated Aug 05, 2021, 7:45:22 PM
- फ़ोटो
PATNA CITY: इस वक्त की बड़ी खबर पटना सिटी से आ रही है जहां नदी थाना क्षेत्र के आलमपुर घाट पर नहाने के दौरान तीन किशोर गंगा नदी में डूब गये। एक किशोर की किसी तरह से जान बची जबकि दो नदी में डूब गये जिनकी तलाश जारी है। इस घटना के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम दोनों की तलाश में जुटे है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीन किशोर रिश्ते में ममेरे और फुफेरे भाई है। जो कच्ची दरगाह बाजार में खरीदारी के लिए आए थे। जिसके बाद आलमपुर घाट पर गंगा नदी में नहाने चले गये। इस दौरान एक किशोर डूबने लगा जिसे देख दूसरा उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। जिसके बाद दोनों नदी के तेज बहाव में बह गये।
दोनों को डूबते देख तीसरा किसी तरह जान बचाकर नदी के किनारे पहुंचा और इसकी सूचना नदी थाना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने SDRF की टीम और लोकल गोताखोर को मौके पर बुलाया। जिसके बाद दोनों की खोजबीन शुरू की गयी। स्थानीय लोगों ने बड़े नाव से शव की तलाश कराने की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जब इसकी जानकारी परिजनों को लगी तो वे भी आलमपुर घाट पर पहुंचे। एक साथ घर के दो सदस्य के नदी में डूबने से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।