1st Bihar Published by: Updated Aug 09, 2021, 10:56:47 AM
- फ़ोटो
NALANDA : बिहार के नालंदा जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है. दरअसल एक जहरीले सांप को खाने से बुजुर्ग की मौत हो गई है. बुजुर्ग की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है. घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है.

घटना नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र की है. यहां माधोपुर डीह गांव में एक अजीबोगरीब घटना हुई. सांप के खाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. मृतक की पहचान रामा महतो (65) के रूप में की गई है, जो इसी माधोपुर डीह गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि रामा महतो को करैत सांप के बच्चे ने डस लिया था. जब सांप ने डसा उस वक़्त रामा महतो शराब के नशे में था.

रामा महतो इतने नशे में था कि वह सांप के बच्चे को चबाकर खा गया. उसने संपोले को पकड़ लिया और यह कहते हुए उसे चबा-चबाकर खा डाला कि हमें काटा है तो हम तुम्हें भी काट डालेंगे. चबाने के दौरान संपोले ने उनके मुंह व चेहरे में कई जगह डंस लिया. इसके बाद भी वे नहीं माने और उसे तब तक चबाते रहे जब तक कि वह मर नहीं गया.

अंत में जब सांप मर गया तो रामा महतो ने मरे हुए संपोले को मुंह से निकाल घर के पास छोटे से पेड़ की टहनी पर टांग दिया और सोने चले गए. उनके परिजनों ने उन्हें इलाज कराने को कहा, लेकिन उन्होंने यह कहकर टाल दिया कि सांप का बच्चा था, जहर नहीं चढ़ेगा. रविवार अलसुबह जब घर वालों ने उन्हें अचेत देखा तो अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

माधोपुर पंचायत की परामर्शी समिति अध्यक्ष भूषण प्रसाद ने बताया कि रामा महतो शनिवार शाम माधोपुर बाजार से लौट कर घर के दरवाजे के पास बैठे ही थे कि संपाले ने उन्हें डंस लिया. पुलिस ने सर्पदंश से मौत की एफआईआर दर्ज कर ली है.