1st Bihar Published by: First Bihar Updated Dec 03, 2024, 8:23:15 AM
- फ़ोटो
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना साहेबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरिया छपरा शिव मंदिर के पास की है।
जानकारी के अनुसार, कांटी थाने के पानापुर निवासी मो. नूर महमद (37) और दरिया छपरा के मो. सलीम (27) एक बाइक पर सवार होकर भोज खाकर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इसी दौरान, मो. इम्तियाज (15) और मो. रुस्तम (12) पैदल सड़क किनारे जा रहे थे। तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें भी चपेट में ले लिया। इम्तियाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रुस्तम को गंभीर हालत में एसकेएमसीएच रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।