Pawan Singh Jyoti Singh Case: भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी एमएलसी पवन सिंह से जुड़े गुजारा भत्ता मामले में बलिया की पारिवारिक अदालत ने 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। पत्नी ज्योति सिंह की मेंटनेंस पिटिशन पर बुधवार को सुनवाई के दौरान पवन सिंह अदालत में उपस्थित नहीं हुए। मामले की अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 5 अक्टूबर की तारीख तय की है।
ज्योति सिंह की मेंटनेंस पिटिशन पर जज कमलापति प्रजापति की अदालत में सुनवाई होनी थी। इस दौरान पवन सिंह का बयान भी दर्ज किया जाना था, लेकिन वह अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। पवन सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह के मुताबिक, पटना में बाढ़ की स्थिति के कारण पवन सिंह अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। उनकी ओर से सुनवाई स्थगित करने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र भी दिया गया था।
हालांकि, अदालत ने सुनवाई में उपस्थित नहीं होने पर पवन सिंह पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, ज्योति सिंह के अधिवक्ता ने दावा किया कि पवन सिंह इससे पहले 11 अगस्त को भी अपना पक्ष रखने के लिए अदालत में उपस्थित नहीं हुए थे। ज्योति सिंह बुधवार को अपने अधिवक्ता के साथ अदालत पहुंची थीं। उनका और पवन सिंह का तलाक तथा गुजारा भत्ता से जुड़ा मामला अदालत में चल रहा है।
पवन सिंह की पहली शादी नीलम सिंह से हुई थी। वर्ष 2015 में नीलम सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद पवन सिंह ने 7 मार्च 2018 को बलिया निवासी रामबाबू सिंह की बेटी ज्योति सिंह से शादी की थी। दोनों की शादी बलिया के एक होटल में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में विवाद की खबरें सामने आने लगीं। अब दोनों के बीच तलाक और गुजारा भत्ता का मामला अदालत में विचाराधीन है। फिलहाल अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 5 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है।





