DESK: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर हुए विवाद के दौरान दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, खटीमा के इस्लामनगर वार्ड नंबर-7 निवासी सादिक ठेकेदार की बेटी का निकाह रविवार को बरेली के बड़ा फरीदपुर से आए दूल्हे के साथ होना था। आरोप है कि शादी तय होने के बाद भी दूल्हा पक्ष की ओर से लगातार अतिरिक्त मांगें की जा रही थीं। पहले स्कूटी की मांग की गई, फिर अपाचे बाइक और एक लाख रुपये की मांग सामने रखी गई।
निकाह के दौरान मेहर की राशि को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। दुल्हन पक्ष मेहर की रकम पांच लाख रुपये तय करने पर अड़ा था, जबकि दूल्हा पक्ष 21 हजार रुपये से अधिक देने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। बताया जाता है कि विवाद के दौरान दुल्हन के पिता सादिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
दुल्हन के पिता की मौत की खबर मिलते ही माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने दूल्हे, उसके भाई, बहनोई समेत कई बारातियों को घेर लिया। इस दौरान कुछ लोगों के साथ मारपीट भी हुई। हालात ऐसे बन गए कि कई बाराती अपनी जान बचाने के लिए पास के मकानों की छतों से कूदकर भागने लगे। इस दौरान कुछ लोग घायल भी हो गए और एक मकान की छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
मैरिज हॉल में भी हंगामे के दौरान कुर्सियां तोड़ दी गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें जारी रहीं। खटीमा कोतवाली पुलिस के अनुसार, यदि दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनती है तो प्राप्त शिकायतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
इधर, दुल्हन के पिता की मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और दुल्हन गहरे सदमे में है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद इलाके में दहेज प्रथा और शादी के नाम पर की जाने वाली मांगों को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।



