JHARKHAND: झारखंड में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान जमशेदपुर में 3 अफगानी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सामने आने से हड़कंप मच गया है। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान तीनों की विदेशी नागरिकता से जुड़ी जानकारी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए चुनाव अधिकारियों ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम दर्ज पाए गए। तीनों ने एन्यूमरेशन प्रक्रिया पूरी की थी और इसके बाद उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो गए थे।
दस्तावेजों के सत्यापन में सामने आई विदेशी नागरिकता
दस्तावेजों के मिलान और सत्यापन के दौरान कुछ विसंगतियां सामने आने के बाद तीनों नाम नोटिस सूची में शामिल किए गए। चुनाव अधिकारियों ने तीनों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा था। हालांकि, वे निर्धारित दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
इसके बाद अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट की जांच की। जांच के दौरान तीनों की पहचान अफगान नागरिकों के रूप में सामने आई। बताया गया कि तीनों के नाम जमशेदपुर ईस्ट के पोलिंग स्टेशन नंबर 286 में क्रमशः 30, 31 और 33 नंबर पर दर्ज थे।
एक की विदेशी नागरिकता की पुष्टि, दो की जांच जारी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि तीन विदेशी नागरिकों की पहचान हुई है। इनमें से एक की विदेशी नागरिकता की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो अन्य की नागरिकता को लेकर जांच जारी है। उन्होंने बताया कि तीनों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक, पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में किसकी भूमिका थी। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के अन्य सदस्यों के दस्तावेजों की भी होगी जांच
अधिकारियों के अनुसार, तीनों के परिवार के अन्य सदस्यों के दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जाएगा। इसके जरिए उनकी वास्तविक नागरिकता और संबंधित दस्तावेजों की स्थिति का पता लगाया जाएगा। मामले को लेकर जमशेदपुर के डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही, राज्य में ऐसे अन्य विदेशी नागरिकों की भी पहचान करने की प्रक्रिया जारी रहेगी, जिनके नाम किसी भी तरीके से मतदाता सूची में शामिल हो गए हैं।





