Tiranga March: दिल्ली में तिरंगा यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने तिरंगा यात्रा के लिए निकले अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया। उनके साथ नेहा बोर को भी मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अभिजीत दीपके और सिटीजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) के अन्य कार्यकर्ताओं को यात्रा के लिए अनुमति नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके जैसे ही अपने घर से बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस से सवाल किया कि उन्हें हिरासत में क्यों लिया जा रहा है। पुलिस ने जवाब दिया कि उन्हें एहतियाती कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया जा रहा है।
अभिजीत दीपके ने पुलिस से कहा कि वह कानून नहीं तोड़ रहे हैं और अकेले जा रहे हैं, फिर उन्हें क्यों रोका जा रहा है। इस पर पुलिस ने कहा कि वह वहां नहीं जा सकते। दीपके ने जवाब दिया कि वह उस स्थान पर जा ही नहीं रहे हैं और पुलिस उन्हें बता दे कि उन्हें कहां जाना है।
तिरंगा यात्रा को देखते हुए कनॉट प्लेस के आउटर, मिडिल और इनर सर्किल में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सेंट्रल पार्क के सभी प्रवेश द्वारों के साथ-साथ पार्क के अंदर और बाहर दिल्ली पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं।
दुकानों, पार्किंग स्थलों, फुटपाथों और आसपास के प्रमुख स्थानों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस बीच, कनॉट प्लेस के इनर सर्किल में तिरंगा यात्रा शुरू हो गई है। इलाके में सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बीच यात्रा की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।





