DESK: आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले के नरसाराओपेट से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराई गई 33 वर्षीय महिला के पेट से डॉक्टरों ने 14 पेन, 5 लकड़ी के चम्मच और एक मोमबत्ती निकाली है। डॉक्टरों ने लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के जरिए इन सभी वस्तुओं को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।
मिली जानकारी के अनुसार पेटलुरिवारीपलेनी मंडल की रहने वाली 33 वर्षीय विवाहित महिला पिछले कुछ समय से सीने में तेज दर्द से परेशान थी। अचानक असहनीय तेज दर्द के बाद परिजन उसे आनन-फानन में नरसाराओपेट स्थित माताश्री हॉस्पिटल में लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने कई मेडिकल जांच और स्कैन कराए। जांच के दौरान महिला के पेट के अंदर कई असामान्य वस्तुएं मौजूद होने की पुष्टि हुई।
लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कर निकाली गईं 20 वस्तुएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी करने का फैसला लिया। लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के जरिए महिला के पेट से 14 पेन, 5 लकड़ी के चम्मच और एक मोमबत्ती, यानी कुल 20 वस्तुएं निकाली गईं।
डॉक्टरों के बताया कि निकाले गये समानों में एक पेन का ढक्कन गायब था। पेन का नुकीला हिस्सा महिला के पेट की अंदरूनी सतह में चुभ रहा था, जिससे उसे काफी दर्द हो रहा था। डॉक्टरों ने बताया कि किसी व्यक्ति के एक साथ इतनी बड़ी संख्या में ठोस वस्तुएं निगल लेना बेहद दुर्लभ और असामान्य मामला है।
10 साल से मानसिक बीमारी से पीड़ित है महिला
महिला के पिता नोमुला हनुमंथा राव ने बताया कि उनकी बेटी पिछले करीब 10 वर्षों से गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रही है। बीमारी के कारण उसके व्यवहार में समय-समय पर असामान्य बदलाव आते रहते हैं। उन्होंने बताया कि बीमारी और घरेलू तनाव के चलते करीब दो महीने पहले उसके पति ने उसे तलाक दे दिया था।
सर्जरी के बाद हालत स्थिर
लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के बाद महिला की हालत स्थिर बनी हुई है। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में है और धीरे-धीरे स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों ने परिवार को सलाह दी है कि शारीरिक उपचार के साथ महिला को वरिष्ठ मनोचिकित्सक की निगरानी में रखा जाए और नियमित काउंसलिंग कराई जाए, जिससे की उसकी मानसिक स्थिति में सुधार हो।





