DESK: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तीन बहनों द्वारा एक ही युवक के साथ मंदिर में वैवाहिक रस्में निभाने का दावा चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कथित विवाह से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और वायरल दावों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दो सगी और एक मौसेरी बहन बचपन से साथ पली-बढ़ी हैं और उनके बीच गहरा लगाव है। परिवार की ओर से विवाह का दबाव बढ़ने और एक बहन का रिश्ता तय होने के बाद तीनों ने अलग न होने का फैसला किया। इसी के चलते उन्होंने पास के गांव के एक युवक के साथ नगर के एक मंदिर में वैवाहिक रस्में निभाने का दावा किया।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तीनों युवतियां इस रिश्ते को अपनी सहमति से स्वीकार करती दिखाई दे रही हैं। वहीं युवक का कहना है कि तीनों के आपसी लगाव और साथ रहने की इच्छा को देखते हुए उसने यह निर्णय लिया। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
घटना के बाद चारों के अपने-अपने गांव नहीं लौटने की भी चर्चा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक के कुछ दोस्तों ने खुशी में आतिशबाजी की, जबकि युवतियों के परिजन इस पूरे घटनाक्रम से नाराज बताए जा रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि चारों के मोबाइल फोन फिलहाल बंद हैं। जानकारी के अनुसार, चारों सोशल मीडिया पर कॉमेडी रील भी बनाते हैं।
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने धार्मिक और सामाजिक मान्यताओं का हवाला देते हुए इस पर आपत्ति जताई है। वहीं, व्यापारी नेता मुकेश गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हसनपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को मिली है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की सत्यता की जांच कर रही है।





