Bihar Crime News: सहरसा जिले की बसनही थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण और कारतूस बरामद करते हुए एक अभियुक्त को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
सहरसा पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम मनखाहा निवासी गजाधर शर्मा अपने घर में अवैध हथियार बनाने का काम करता है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ निशिकांत भारती के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें बसनही थाना की पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
गठित टीम जब आवश्यक कार्रवाई के लिए मनखाहा स्थित आरोपी के घर पहुंची, तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल और एसटीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गजाधर शर्मा (उम्र करीब 42 वर्ष), पिता बिदो शर्मा, निवासी ग्राम मनखाहा (वार्ड नंबर 01), थाना बसनही, जिला सहरसा के रूप में हुई है।
अभियुक्त के घर की तलाशी लेने पर पुलिस को हथियार निर्माण से जुड़े कई उपकरण और सामग्री मिली, जिसमें ड्रिल मशीन, बेस मशीन और ग्राइंडर, बैरल, ट्रिगर और अर्द्धनिर्मित मस्केट बॉडी, हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा, राईफल की एक पुरानी मैगजीन, एक रियलमी (Realme) कंपनी का मोबाईल फोन शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने घर में अवैध हथियार बनाकर अन्य जगहों पर बेचने का काम करता था। हथियार निर्माण और उन्हें रखने के संबंध में वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस संबंध में बसनही थाना में कांड संख्या 220/26 सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्जकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





