SAHARSA: बिहार के सहरसा जिले में सदर थाना क्षेत्र के सपटियाही में 8 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्ची की हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पीड़ित बच्ची के परिजनों के अनुसार, बच्ची खेलने के दौरान घटना का शिकार हुई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी अमित रंजन ने बताया कि बच्ची के साथ एक नाबालिग लड़के द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सहरसा लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
वहीं, प्रभारी एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





