Patna Crime News: बिहार के पटना जिले के पालीगंज से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में डेढ़ वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में उसके 22 वर्षीय बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बच्चे का शव गांव के दुर्गा मंदिर परिसर में मिला, जबकि उसका सिर अलग स्थान पर पाया गया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जीतन छपरा गांव निवासी रंजू यादव का 22 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार उर्फ बाला कथित तौर पर पिछले कई महीनों से नशे का आदी था। आरोप है कि वह अपने डेढ़ वर्षीय छोटे भाई को गोद में उठाकर घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित दुर्गा मंदिर ले गया। वहां बच्चे की हत्या कर दी गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्चे का सिर मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने मिला। मंदिर परिसर में बच्चे का शव देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर फैलने के बाद बच्चे के माता-पिता भी मंदिर पहुंचे। अपने मासूम बेटे की ऐसी हालत देखकर परिवार में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर रानीतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल किए जाने वाले कथित हथियार को भी बरामद करने की जानकारी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालीगंज के डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने पटना की फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें।





