CHAPRA: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर बड़ी खेप राज्य में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में पुलिस और मद्य निषेध इकाई ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धान की भूसी के नीचे छिपाकर लाई जा रही करीब 80 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को धता बताते हुए तस्कर लगातार शराब की बड़ी खेप राज्य में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र स्थित बलिया मोड़ पर पुलिस और मद्य निषेध इकाई, पटना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब से भरे एक कंटेनर को जब्त किया है। मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक कंटेनर में भारी मात्रा में शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर शनिवार की देर रात करीब 2:30 बजे बलिया मोड़ के समीप घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में कंटेनर के ऊपर धान की भूसी से भरी बोरियां दिखाई दीं, लेकिन जब पुलिस ने गहन तलाशी ली तो भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 1,013 कार्टून बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के बिजराड़ थाना क्षेत्र के शोभाला गांव निवासी पुनमा राम के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की यह खेप पंजाब से लोड की गई थी और बिहार में विभिन्न स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी।
जब्त कंटेनर और शराब को मांझी थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि शराब की खेप किसके लिए मंगाई गई थी और बिहार के किन जिलों में इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर अन्य तस्करों और गिरोह के सरगना की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा से जुड़े इलाकों में निगरानी और वाहन जांच अभियान को और सख्त कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
छपरा/रिपोर्टर पवन कुमार सिंह



