Bihar Crime News: बिहार के मधुबनी जिले में भूमि विवाद को लेकर एक रिटायर्ड होमगार्ड जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबारी गोठ टोल की है।
मृतक की पहचान रामचंद्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के आरोप के अनुसार, रामचंद्र सिंह की हत्या उनके भतीजे रामसेवक सिंह ने गोली मारकर की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल रामचंद्र सिंह को तत्काल जयनगर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, आरोपी भतीजे की तलाश की जा रही है।
भूमि विवाद में रिटायर्ड होमगार्ड जवान की हत्या की घटना के बाद कमलाबारी गोठ टोल और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- कुमार गौरव, मधुबनी





