KAIMUR: बिहार के कैमूर जिले में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। कोल्ड ड्रिंक पिलाकर रेप करने का वीडियो बनाया और फिर धर्म परिवर्तन के लिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। यह मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र का है जहां एक युवती ने पड़ोसी दंपती पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और शादी के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इकराम अंसारी और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पीड़िता का कहना है कि वह आरोपी दंपती की पड़ोसी है और शाहिदा बेगम की तबीयत खराब रहने के कारण अक्सर उनके घर के कामों में मदद करने जाया करती थी। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच निकटता बढ़ी थी। युवती का आरोप है कि वर्ष 2025 में आरोपी दंपती के साथ वह दिल्ली भी गई थी, जहां शाहिदा का इलाज कराया गया था।
पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 4 जून की शाम शाहिदा बेगम ने उसे अपने घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद इकराम अंसारी और उसकी पत्नी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दिया। आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे और वह अचेत जैसी हो गई। इसी दौरान इकराम अंसारी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसकी पत्नी कथित रूप से पूरी घटना का वीडियो बनाती रही।
युवती का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी दंपती वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगे। पीड़िता के अनुसार, इकराम अंसारी उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे डराया जा रहा था। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने आरोपियों से बातचीत कर वीडियो हटाने की मांग की, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो मामले की शिकायत रामगढ़ थाना में दर्ज कराई गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी आरोपियों के घर पहुंचकर जांच की है।
मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृ्ष्णा ने बताया कि 09 जून को रामगढ़ थाने में एक पीड़ित महिला आई और उसने लिखित आवेदन देते हुए पुलिस को बताया कि 4 जून की शाम करीब 6 बजे रामगढ़ थाना क्षेत्र के डरवन निवासी एकराम अंसारी एवं उसकी पत्नी शाहिदा बेगम ने उसे घर पर बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और आरोपी की पत्नी ने इस दौरान पति के शारीरिक संबंध बनाते वीडियो अपने मोबाइल से बनाया।
फिर होश में आने के बाद उस वीडियो दिखाकर धमकाया गया कि धर्म परिवर्तन नहीं करोंगी तब इस अश्लील वीडियो को वायरल कर देंगे। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पहले भी महिला से छेड़छाड़ के संबंध में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





