JEHANABAD: जहानाबाद जिले के सदर प्रखंड में तैनात मनरेगा के कनीय अभियंता (JE) अमन कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शहर के अंबेडकर चौक के पास स्थित एक होटल में की गई, जहां रिश्वत की रकम लेने के लिए डील तय हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मनरेगा योजना के तहत जमुई पंचायत में कराए गए कार्यों के सत्यापन के मामले में JE अमन कुमार ने रोजगार सेवक से कथित तौर पर 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया।
शिकायत सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। तय स्थान पर जैसे ही अमन कुमार रिश्वत की रकम लेने पहुंचे, टीम ने उन्हें 20 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी JE को अपने साथ ले गई। टीम द्वारा उनसे आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद आरोपी को पटना ले जाने की कार्रवाई की जाएगी।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद मनरेगा विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






