HAJIPUR: बिहार के वैशाली जिले में नाबालिग के साथ अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए टेम्पो को भी जब्त कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
काजीपुर थाने में एक नाबालिग के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत मिली थी। घटना 15 अक्टूबर की बताई गई थी। इस मामले में एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आरोप लगाए गए थे। आवेदन के आधार पर काजीपुर थाना कांड संख्या 32/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान अप्राकृतिक यौनाचार का मामला आया सामने।
एसडीपीओ सुबोध कुमार के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान नाबालिग के साथ कथित तौर पर बलपूर्वक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम ने लगातार छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान नामजद प्राथमिकी अभियुक्त बल्लू कुमार उर्फ बब्लू कुमार, निवासी सलेमपुर, थाना काजीपुर, को सदर थाना क्षेत्र के गदाई सराय से गिरफ्तार किया गया। वहीं, इस मामले में एक और अभियुक्त सन्नी कुमार, निवासी भट्टडी, थाना काजीपुर, को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टेम्पो भी जब्त कर लिया है। इस मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।





