Greater Noida Family Death: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस फूड पॉइजनिंग, जहरीले पदार्थ के सेवन और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
रात में नूडल्स खाने के बाद सोया था परिवार
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार रात में नूडल्स खाने के बाद सोने चला गया था। शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल भी सुनाई नहीं दी। इससे पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। जब पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो परिवार के पांचों सदस्य बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें जगाने की कोशिश की गई, लेकिन किसी के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतकों में पति-पत्नी और तीन बच्चे शामिल
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी के अनुसार, मृतकों की पहचान 38 वर्षीय महेश, उनकी 36 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास के इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
फॉरेंसिक टीम ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसोईघर से चाय के बर्तन, नूडल्स और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि मौत की संभावित वजह का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जहरीले पदार्थ के सेवन, आत्महत्या और किसी साजिश की आशंका समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की लैब जांच के नतीजे सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





