Bihar News: बिहार के जाने-माने आरटीआई एक्टिविस्ट शिवप्रकाश को धमकी दी गई है. बदमाशों ने उनके घऱ में घुसकर जान से मारने की धमकी दी है. इसके बाद उन्होंने 6 सितंबर को ही बक्सर के नगर थाने में लिखित शिकायत की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस के समक्ष आवेदन दिया है.
बक्सर निवासी और बिहार के जाने-माने आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय को हत्या की धमकी मामले में बक्सर के भाजपा नेता व रियल एस्टेट व्यवसायी और उनके सहयोगियों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी की गई है। बक्सर शहर के चरित्रवान धोबी घाट गली नंबर 2 के निवासी आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय ने नगर थाना प्रभारी को दिए अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जब वे अपने घर के परिसर में गेट खोलने गए, तो वहां 10-12 लोग मौजूद थे।
शिवप्रकाश राय के अनुसार, गेट खोलते ही वे सभी जबरन अंदर घुस आए। पूछताछ करने पर उनमें से एक व्यक्ति ने खुद को शिवपुरी निवासी प्रियव्रत दुबे बताया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी। आरोप है कि ये सभी लोग सोहनीपट्टी निवासी भाजपा नेता के कहने पर आए थे। आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि भाजपा नेता पर भूमि निबंधन कर, होल्डिंग टैक्स और उनके एक निजी विद्यालय में 25 प्रतिशत गरीब बच्चों के नामांकन के मामले में हेराफेरी को लेकर उन्होंने सक्षम प्राधिकार में शिकायत दर्ज कराई थी, इसी रंजिश में उन पर हमला करने की नीयत से लोगों को भेजा गया था।
मामले में दूसरे पक्ष के प्रियव्रत दुबे के बयान पर आरटीआइ कार्यकर्ता के खिलाफ भी एक केस दर्ज किया गया है। बक्सर नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर सोमवार की रात प्राथमिकी कर ली गई है।





