Bihar News: अधीक्षण अभियंता को धमकाने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने एक ठेकेदार और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार ठेकेदार पटना जिले के बिक्रम के रहने वाले बताये जाते हैं.
दरअसल, लघु सिंचाई अंचल छपरा में पदस्थापित अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार ने आर्थिक अपराध इकाई से शिकायत किया था. जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके मोबाइल नंबर पर बार-बार फोन और मैसेज कर धमकी दी जा रही है. बात नहीं मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही. मोबाइल नंबर धारक खुद को आर्थिक अपराध इकाई का पदाधिकारी बता रहा था. पैसे का भुगतान नहीं देने पर बर्बाद करने की धमकी दे रहा था.
शिकायत के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने मोबाइल नंबर धारक- मंजीत सिंह एवं महावीर कंस्ट्रक्शन के संवेदक अमित कुमार जो पटना जिले के विक्रम के हैं, के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू किया. तकनीकी साक्ष्य के आधार पर संवेदक अमित कुमार जो विक्रम थाना क्षेत्र के मनेर तेलपा के रहने वाले हैं, एवं इनके वाहन चालक मंजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है .
इन लोगों ने स्वीकार किया है कि पैसे की मांग की थी .पैसा नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी. उनके पास जब्त मोबाइल से अधीक्षण अभियंता को मैसेज कर भयादोहन का प्रयास करने से संबंधित चैट मिले हैं. साथ ही मोबाइल में विशेष निगरानी इकाई का लोगो सेव कर रखा गया था.दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.





