BHOJPUR: भोजपुर में अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं। जिले में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार दीक्षित अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर लगातार थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपराधी पुलिस को चुनौती देते हुए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
ताजा मामला सिकरहटा थाना क्षेत्र के देव बाजार और कुरमुरी गांव के बीच का है। सोमवार की देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे एक आभूषण दुकानदार को गोली मार दी। गोली दुकानदार के दाहिनी ओर गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
डायल-112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को इलाज के लिए तरारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई। सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर आरा सदर अस्पताल पहुंचे।
लूट की नीयत से गोली मारने की आशंका
घटना के बाद आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से दुकानदार को गोली मारी। हालांकि, वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और क्या लूट की घटना हुई है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
दुकान बंद कर घर लौट रहा था दुकानदार
घायल दुकानदार की पहचान सिकरहटा थाना क्षेत्र के कुरमुरी गांव निवासी स्वर्गीय शिव दयाल साह के 33 वर्षीय पुत्र भोला साह के रूप में हुई है। भोला साह देव बाजार में आभूषण की दुकान चलाते हैं।
बताया गया कि सोमवार को दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से अपने गांव कुरमुरी लौट रहे थे। इसी दौरान देव बाजार और कुरमुरी के बीच रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली गर्दन में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।





