Bihar Cyber Crime: बिहार के बांका जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां ठगों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के नाम पर APK फाइल भेजकर कई लोगों के बैंक खातों से करीब 15 से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला लक्ष्मीपुर चिरैया पंचायत के लौंगाय गांव का है।
जानकारी के अनुसार, लौंगाय निवासी राकेश कुमार के व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से पीएम किसान योजना के नाम पर APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद मोबाइल में कुछ दिखाई नहीं दिया, जिससे उन्हें लगा कि किसी ने शरारत की है। हालांकि, इसी दौरान साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया।
मोबाइल हैक करने के बाद ठगों ने राकेश कुमार के नाम से उनके रिश्तेदारों और दोस्तों को व्हाट्सएप संदेश भेजकर दो-दो हजार रुपये मांगे। संदेश के साथ स्कैनर भी भेजा गया था। राकेश के मुताबिक, झांसे में आकर करीब 15 से 20 रिश्तेदारों और दोस्तों ने ऑनलाइन पैसे भेज दिए।
इसके बाद साइबर ठगों ने रिश्तेदारों के बैंक खातों से भी रुपये निकालने शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि लौंगाय गांव के एक रिश्तेदार के खाते से 1 लाख 93 हजार रुपये की निकासी की गई। वहीं, नवगछिया के तेलधी, खगड़िया के कठैला समेत अन्य इलाकों में रहने वाले कई रिश्तेदारों के खाते भी ठगी का शिकार हुए हैं।
पीड़ित के अनुसार, अब तक सामने आई जानकारी में कुल 15 से 20 लाख रुपये की ठगी का अनुमान है। राकेश कुमार के बैंक खाते में केवल 34 रुपये होने के कारण ठग उनके खाते से पैसे नहीं निकाल सके। शुरुआत में उन्हें मोबाइल हैक होने का पता नहीं चला, लेकिन जब रिश्तेदारों और दोस्तों ने पैसे मांगे जाने की जानकारी दी, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना के बाद राकेश कुमार ने थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।





