Bihar Crime News: बिहार के बगहा स्थित रामनगर प्रखंड की मठिया पंचायत के मेघवल गांव में 13 वर्षीय शिबू खान की अपहरण के बाद हत्या के मामले में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शिबू को न्याय दिलाने और हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस नेता जयेश मंगल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकाला। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर निकले लोगों ने शिबू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिबू की हत्या से गांव के लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले में कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता जयेश मंगल सिंह ने शिबू खान की हत्या को लेकर सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 13 साल के बच्चे को स्कूल से अगवा कर महज 20 हजार रुपये के लिए उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। आए दिन हत्या की घटनाएं हो रही हैं, ऐसे में सरकार और प्रशासन क्या कर रहा है?
जयेश मंगल सिंह ने मांग की कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला, तो इस मुद्दे पर इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
शिबू खान की हत्या का मामला अब गांव में न्याय की मांग को लेकर जनआक्रोश का रूप ले रहा है। कैंडल मार्च के जरिए ग्रामीणों ने मृतक को श्रद्धांजलि देने के साथ ही पुलिस-प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। अब ग्रामीणों की नजर आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच की प्रगति पर है।





