हाजीपुर: वैशाली जिले में रविवार की देर रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में हुई इस मुठभेड़ में अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी और लंबे समय से फरार चल रहा राज नंदन कुमार उर्फ छोटू पुलिस की गोली से घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, वैशाली जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को रविवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी छोटू अपने गांव के आसपास मरमला चौर में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ और सदर थाना पुलिस की टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम ने अपराधी को चारों तरफ से घेरा, उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान छोटू के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
घायल अपराधी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला निवासी चंदेश्वर राय के पुत्र राज नंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक छोटू वैशाली और समस्तीपुर पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी
राज नंदन उर्फ छोटू का नाम समस्तीपुर के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड में सामने आया था। पुलिस के मुताबिक वह इस मामले का मुख्य आरोपी है। वर्ष 2025 में न्यायालय में पेशी के दौरान छोटू ने पुलिस को चकमा दे दिया था और समस्तीपुर कोर्ट परिसर से फरार हो गया था। इसके बाद से ही वैशाली पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।
पुलिस के लिए उसकी गिरफ्तारी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि फरार होने के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इस दौरान उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की जांच भी आगे बढ़ती रही और पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
मुठभेड़ के बाद हथियार बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी ली। मौके से हथियार बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। वहीं, एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग और घटनास्थल से मिले सबूतों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।घटना की सूचना मिलने के बाद वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरे ऑपरेशन की जानकारी ली।
फिलहाल घायल छोटू का इलाज पुलिस की कड़ी निगरानी में चल रहा है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ उसके फरार रहने के दौरान किन लोगों के संपर्क में था और किसी नए अपराध की साजिश में शामिल था या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद अनिल ज्वेलर्स लूटकांड समेत उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों में पुलिस को कई अहम सुराग मिल सकते हैं।





