Bihar Flood News: हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के पास मंगलवार को बड़ा नाव हादसा हो गया. तेरसिया दियारा इलाके से गुजर रही एक नाव बाढ़ के पानी में बोल्डर से टकराने के बाद असंतुलित होकर डूब गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, नाव पर करीब 10 लोग सवार थे. इनमें से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं.
घटना गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि नाव तेरसिया दियारा की ओर से महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के पास से गुजर रही थी. इसी दौरान नाव पानी में मौजूद बोल्डर से टकरा गई. टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही देर में वह बाढ़ के पानी में डूब गई.
नाव डूबते ही मची अफरा-तफरी
नाव के अचानक डूबने के बाद उसमें सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद कुछ लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव की कोशिश शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 3 लोगों का पता नहीं चल सका है.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोग बाढ़ के पानी में लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं. घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा है और हर कोई लापता लोगों के सुरक्षित मिलने का इंतजार कर रहा है.
नाव हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया. एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय थाना पुलिस और अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. टीम के पहुंचने के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा.
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि के अनुसार, नाव पर करीब 10 लोग सवार थे, जिनमें से 7 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है. तीन लोगों के लापता होने की सूचना है. स्थानीय लोग अपने स्तर से भी उनकी तलाश कर रहे हैं.
फिलहाल लापता तीन लोगों की तलाश जारी है. प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू अभियान तेज किए जाने की उम्मीद है. हादसे के बाद तेरसिया दियारा और गांधी सेतु के आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है.





