Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण जिले में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर हथियार लहराने का मामला सामने आया है. सुगौली थाना क्षेत्र की भटहा पंचायत के कचहरिया टोला में जमीन विवाद को लेकर हो रही पंचायती के दौरान एक युवक पर देसी पिस्तौल निकालकर दूसरे पक्ष के व्यक्ति को दौड़ाने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायती रखी गई थी. इसी पंचायती में शामिल होने के बाद राधामोहन ठाकुर अपने घर लौट रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान बृजकिशोर ठाकुर के कहने पर उनके छोटे भाई चंकी ठाकुर ने देसी पिस्तौल निकाल ली और राधामोहन ठाकुर को मारने के लिए दौड़ पड़े.
इस दौरान लालू ठाकुर और चोकट ठाकुर पर भी इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है. अचानक हथियार निकाले जाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पीड़ित ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई.
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
मामले को लेकर सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





