Bihar liquor smuggling News: सिवान के गुठनी में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 9600 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है. शराब को कंबल और कपड़ों के बीच छिपाकर चंडीगढ़ से बिहार लाया जा रहा था. पुलिस ने कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है.
मामला गुठनी थाना क्षेत्र का है. पुलिस को सोमवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में कंबल और कपड़ों की आड़ में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिहार लाई जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुठनी चेक पोस्ट से लेकर गुठनी चौराहे तक वाहनों की जांच शुरू कर दी.
इसी दौरान गुठनी चौराहे पर एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई. कंटेनर के अंदर कंबल और कपड़ों के बीच शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं. तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 200 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की.
9600 बोतल शराब बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद 200 पेटियों में कुल 9600 बोतल शराब मिली है. शराब पर दर्ज कीमत के अनुसार इसकी कुल कीमत करीब 13 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है. शराब और कंटेनर को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
मैरवा प्रभाग के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि पुलिस को शराब की बड़ी खेप लाए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद गुठनी पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू की और इसी दौरान कंटेनर पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, शराब की यह खेप चंडीगढ़ से बिहार लाई जा रही थी.
पुलिस ने कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान छपरा जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी रविंद्र राय के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि शराब की यह खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.





