Bihar News: प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को एक महिला सीवान जंक्शन परिसर स्थित रेलवे माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उसे डायल 112 की पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के बधुपुर निवासी अंजू राजभर की शादी पहले हो चुकी है और उनके दो बच्चे हैं। महिला के मुताबिक, वर्ष 2022-23 से वह अपने पहले पति और बच्चों को छोड़कर सीवान जिले के धनौती थाना क्षेत्र के मुड़ा गांव निवासी गुड्डू यादव के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में रह रही थी।
बताया जाता है कि दो-तीन दिन पहले गुड्डू यादव अंजू को लेकर अपने गांव आया था, लेकिन उसके परिजनों ने महिला को अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद शुक्रवार को गुड्डू उसे लेकर सीवान जंक्शन पहुंचा। आरोप है कि गांव जाने की बात कहकर गुड्डू वहां से चला गया। इससे परेशान होकर अंजू रेलवे माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गई और प्रेमी को बुलाने के साथ दोनों की कोर्ट मैरिज कराने की मांग करने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रेमी के जाने के बाद अंजू रेलवे माइक्रोवेव टावर के पास पहुंची और करीब नौ फीट ऊंची दीवार फांदकर टावर पर चढ़ गई। रेलकर्मियों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल आरपीएफ को सूचना दी।
महिला को टावर पर चढ़ा देख स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने पर आरपीएफ के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। हालांकि, महिला अपनी मांग पर अड़ी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान आरपीएफ और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से महिला से संपर्क कर उसे समझाने की कोशिश की। काफी देर तक समझाने के बावजूद वह प्रेमी को बुलाने और कोर्ट मैरिज कराने की मांग पर अड़ी रही।
महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक कर्मचारी टावर पर ऊपर चढ़ा और उसे बिस्किट व पानी उपलब्ध कराया। अधिकारियों ने उसे पहले सुरक्षित नीचे उतरने और फिर आगे की कार्रवाई करने के लिए समझाया।
लगातार समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार शाम 4:10 बजे अंजू टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद आरपीएफ ने डायल 112 की पुलिस को बुलाकर महिला को उसके हवाले कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सीवान जंक्शन परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा रही।





