SIWAN: बिहार में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है, जब भी कही चोरी होती है, यह चर्चा होने लगती है कि कही ना कही यह स्मैकियर का काम होगा। क्योंकि जब से बिहार में शराबबंदी लागू हुई, तब से लोग सूखा नशा के आदि हो गये हैं। स्मैक महंगा मिलने के चलते जिनके पास पीने के लिए पैसे नहीं रहता है, वो चोरी की वारदात को बेखौफ होकर अंजाम देता है। इस पर चोरों ने सिवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। जहां चोरी की एक बेहद चौंकाने वाली फिल्मी अंदाज में वारदात सामने आई है।
जहां शातिर चोरों ने पुलिस जैसी लाल-नीली बत्ती लगी स्कॉर्पियो का इस्तेमाल कर सड़क किनारे बंधी बकरियों को चुरा लिया और गोद में लेकर भागते हुए स्कॉर्पियों में रखे और मौके से फरार हो गये। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि जिस स्थान पर वो चोरी कर रहा है, वहां पहले से सीसीटीवी लगा हुआ है। घटना की पूरी तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्कॉर्पियों से बकरी चोरी की घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के बलउ गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, देर रात गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था और लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गांव में पहुंची, जिस पर पुलिस और वीआईपी वाहनों की तरह लाल और नीली फ्लैशर लाइट लगी हुई थी। गाड़ी पर लगी बत्ती देखकर लोगों को लगा कि पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि स्कॉर्पियो एक घर के बाहर रुकती है। इसके बाद गाड़ी से कुछ लोग उतरते हैं और बेहद शातिर तरीके से खूंटे से बंधी बकरियों की रस्सी खोलने लगते हैं। चोर कुछ ही मिनटों में बकरियों को स्कॉर्पियो में लादकर मौके से फरार हो जाते हैं।
सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो बकरियां गायब देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि बकरियां ही उनकी आजीविका का मुख्य सहारा थीं। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अपराधी खुलेआम पुलिस जैसी गाड़ियों का इस्तेमाल कर वारदात कर रहे हैं, तो आम लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे।
घटना की सबसे अहम बात यह है कि सीसीटीवी फुटेज में स्कॉर्पियो का नंबर साफ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने के बाद महाराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




