Bihar News: सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र के रीगा रोड पर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े एक युवक के लिए ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार फरिश्ता बनकर सामने आए। सड़क पर युवक को बेसुध पड़ा देख इंस्पेक्टर ने बिना देर किए उसकी मदद की और अपनी सरकारी गाड़ी से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने के बाद भी इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटे। उन्होंने युवक को स्ट्रेचर पर रखवाया और अस्पताल में भर्ती कराने में भी मदद की। समय रहते इलाज मिलने से युवक की जान बच सकी।
बताया जा रहा है कि युवक रीगा रोड पर बेहोशी की हालत में पड़ा था। अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो उसकी हालत और गंभीर हो सकती थी। लेकिन ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार की तत्परता ने उसे समय पर अस्पताल पहुंचा दिया।
पुलिस की वर्दी में इंसानियत की यह तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि सड़क पर बेसुध पड़े युवक के लिए वह किसी फरिश्ते से कम नहीं रहे।





