Bihar News : बिहार के शिवहर जिले में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने पुरनहिया प्रखंड के कटैया गांव स्थित एक कारोबारी के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मुंबई में एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट कारोबार की आड़ में कथित तस्करी के संदेह को लेकर की गई। डीआरआई की मुंबई और मुजफ्फरपुर इकाई की संयुक्त टीम ने कारोबारी मुकेश कुमार झा उर्फ मुकेश भोला झा के पैतृक आवास पर कई घंटों तक जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार, डीआरआई अधिकारियों की टीम सुबह कटैया गांव पहुंची और आवास पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
भाई अरविंद झा से लंबी पूछताछ
छापेमारी के दौरान टीम ने कारोबारी के भाई अरविंद कुमार झा से भी विस्तृत पूछताछ की। अरविंद कुमार झा, मिथिला क्वालिटी प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशकों में से एक बताए जाते हैं। अधिकारियों ने उनसे कंपनी के कारोबार, वित्तीय लेन-देन और एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट गतिविधियों से जुड़े कई सवाल पूछे।
पूछताछ के बाद डीआरआई की टीम अरविंद कुमार झा को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें आगे की पूछताछ के लिए ले जाया गया है। हालांकि, टीम ने स्पष्ट किया कि उन्हें उनकी सहमति से पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया है।
डीआरआई अधिकारी ने क्या कहा?
छापेमारी में शामिल अधिकारी माधव कुमार ने बताया कि मामला तस्करी से जुड़ी जांच का है। उन्होंने कहा कि मुंबई में संचालित एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट कारोबार से जुड़े कुछ इनपुट मिलने के बाद यह संयुक्त कार्रवाई की गई है। अधिकारी के अनुसार, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं निर्यात और आयात कारोबार की आड़ में किसी अवैध गतिविधि को अंजाम तो नहीं दिया जा रहा था। फिलहाल जांच जारी है और कई पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
स्थानीय पुलिस ने दी जानकारी
पुरनहिया थाना अध्यक्ष प्रेमजीत सिंह ने बताया कि डीआरआई और कस्टम विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि तस्करी के संदेह के आधार पर जांच एजेंसी ने छापेमारी की है। थानाध्यक्ष के अनुसार, कारोबारी के पैतृक आवास की तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, जांच एजेंसी ने कुछ दस्तावेजों की जांच की है और कारोबारी के भाई को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
कौन हैं मुकेश भोला झा?
मुकेश कुमार झा उर्फ मुकेश भोला झा शिवहर जिले के रहने वाले हैं और मुंबई में एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट का बड़ा कारोबार संचालित करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने संघर्ष के बल पर कारोबार की दुनिया में अपनी पहचान बनाई और मुंबई में खुद को स्थापित किया।
व्यवसाय के अलावा मुकेश भोला झा सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। वे शिवहर जिले के विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर कई आंदोलनों में शामिल रहे हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर शिवहर संसदीय सीट से चुनाव भी लड़ा था।
इलाके में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
डीआरआई की इस कार्रवाई के बाद पूरे कटैया गांव और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। बड़ी संख्या में लोग कारोबारी के घर के बाहर जुटे रहे और छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल डीआरआई की जांच जारी है और एजेंसी की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट कारोबार से जुड़े इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
समीर कुमार झा की रिपोर्ट





