SAMASTIPUR: पटना सहित कई जिलों में दशहरा के मौके पर रावण वध कार्यक्रम का आयोजन 20 अक्टूबर मंगलवार को किया गया। वही अगले दिन समस्तीपुर में 21 अक्टूबर बुधवार को रावण का दहन किया गया है। रावण वध और लंका दहन का आयोजन समस्तीपुर दशहरा कमिटी द्वारा हाउसिंग बोर्ड मैदान में किया गया। जिसमें 2 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए।
यह आयोजन पंजाबी समुदाय के लोगों द्वारा करीब 76 साल से किया जा रहा है। रावण वध को देखने के लिए हाउसिंग बोर्ड मैदान में इस बार करीब दो लाख से अधिक लोग पहुंचे। 60 फीट के रावण,50 फीट के कुम्भकरण और 45 फीट के मेघनाथ के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान पूरा इलाका जय श्रीराम और जय हनुमान के नारों से गूंज उठा।
इसे लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर रखे थे। इस अवसर पर आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर मौजूद एमएलसी तरुण कुमार, धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य शायन कुणाल, विधायक अश्वमेध देवी सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक इस पर्व को लोगों ने धूमधाम के साथ मनाया।
रावण दहन से पहले समस्तीपुर शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हाउसिंग बोर्ड मैदान पहुंची। इस दौरान सड़क के दोनों किनारे लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। वही हाउसिंग कॉलोनी में भी लाखों की भीड़ देखने को मिली। इस दौरान दशहरा कमिटी द्वारा झांकियां निकाली गयी जो देखते ही बन रही थी। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।





