Bihar Flood Alert: सारण जिले में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। दिघवारा प्रखंड के त्रिलोकचक पंचायत स्थित केसरपुर के समीप माही नदी का बांध टूटने की सूचना सामने आई है। बांध टूटने के बाद आसपास के इलाकों में पानी तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बांध टूटने से त्रिलोकचक पंचायत समेत बारहगांवा क्षेत्र के कई गांवों पर प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है। घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और बचाव एवं राहत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
हरिहरनाथ थाना परिसर में घुसा पानी
उधर, सोनपुर में भी बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। हरिहरनाथ थाना परिसर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे परिसर में जलजमाव की स्थिति बन गई है। इस बीच थाना के सामने कुछ युवकों के पानी में तैरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क और आसपास के क्षेत्र में पानी का स्तर बढ़ा हुआ दिखाई दे रहा है।
दिघवारा में बांध टूटने और सोनपुर में बाढ़ के पानी के प्रवेश के बाद जिले के कई इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत और बचाव की व्यवस्था की जाए।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा





