Bihar Road Accident: बिहार के सारण जिले में रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। छपरा-मशरक मुख्य पथ (एसएच-90) पर गौरा के औदालपट्टी माता स्थान के समीप बालू लदे ट्रक ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से नगरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। ऑटो में सवार सभी लोग दशहरा पूजा के अवसर पर विंध्याचल जाने के लिए मशरक से निकले थे। वे छपरा पहुंचकर ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मशरक प्रखंड के गंगोई निवासी नर्सिंग पंडित के पुत्र प्रमोद पंडित और नीरज के रूप में हुई है।
वहीं, घायलों की पहचान गलिमापुर निवासी विनोद कुमार, मशरक बाजार निवासी शत्रुघ्न शर्मा तथा गंगोई निवासी रमेश और सिपाही कुमार के रूप में हुई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छपरा रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गौरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।
स्थानीय सरपंच मुरारी सिंह, अभय सिंह और सुमित सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास हार्डवेयर की दुकानें हैं, जहां दुकानदार सड़क किनारे बालू और गिट्टी का भंडारण करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे निर्माण सामग्री रखे जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के किनारे रखी निर्माण सामग्री हटवाने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।





