छपरा: सारण जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव में हत्याकांड की जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त नाव जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, सोनपुर भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या कांड की जांच के दौरान पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, नयागांव थाना कांड संख्या 195/25 की जांच के सिलसिले में रविवार की शाम थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ शोभेपुर स्थित माही नदी के तट पर पहुंचे थे। जांच के दौरान हत्या की घटना में प्रयुक्त नाव को जब्त कर लिया गया। पुलिस टीम जब नाव को अपने कब्जे में लेकर वहां से ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी स्थिति अचानक बिगड़ गई।
नाव जब्ती का विरोध, पुलिस पर हुआ पथराव
नाव जब्त किए जाने की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए अचानक पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को खुद को बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
दो महिला पुलिसकर्मी घायल
पथराव में महिला सिपाही अनीता कुमारी की आंख के पास चोट लगी, जबकि महिला बीएचजी (BHG) नेहा कुमारी के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद दोनों घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, सोनपुर भेजा गया। उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल किसी की पहचान नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के बयान पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।




