SAHARSA: सहरसा के बटराहा, वार्ड नंबर 25 में टाइल्स चमकाने वाले पाउडर के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात व्यक्ति एक घर में पहुंचे और टाइल्स व अन्य सामान चमकाने वाले पाउडर का प्रदर्शन करने के बाद सोने के आभूषण साफ करने का झांसा दिया। आरोप है कि दोनों व्यक्ति करीब तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए।
पीड़ित संजीव कुमार ने बताया कि दोपहर के समय दो व्यक्ति उनके घर पहुंचे थे। दोनों ने एक विशेष पाउडर दिखाते हुए दावा किया कि इससे टाइल्स और अन्य सामान को आसानी से चमकाया जा सकता है। बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पाउडर से सोने के आभूषणों की सफाई की जा सकती है।
उनकी बातों पर भरोसा कर संजीव कुमार ने घर से सोने के आभूषण लाकर उन्हें दिखाए। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने सफाई करने के बहाने आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। इसी दौरान बातचीत में उलझाकर दोनों वहां से निकल गए।कुछ देर बाद जब परिवार ने आभूषणों की जांच की तो सोने की दो अंगूठियां और एक चेन गायब मिली। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस को आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और जेवरात बरामद करने की मांग की है।





