PATNA: बिहार के सहरसा जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिस हवाई सुविधा का इंतजार किया जा रहा था, अब वह सपना साकार होने की ओर बढ़ चुका है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सहरसा एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन और आधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही क्षेत्र में हवाई यात्रा के नए दौर की शुरुआत होने जा रही है।
करीब 35.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां एक प्री-फैब्रिकेटेड टर्मिनल बिल्डिंग बनाई जाएगी, जहां यात्री सुविधाजनक तरीके से अपनी यात्रा शुरू कर सकेंगे। साथ ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर और अन्य जरूरी ढांचे भी तैयार किए जाएंगे, ताकि उड़ानों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इसे पूरा करने के लिए 450 दिनों का लक्ष्य तय किया गया है। यानी आने वाले डेढ़ साल में सहरसा के आसमान में विमानों की आवाज सुनाई देने लगेगी। इसके लिए 15 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है, जिससे निर्माण कार्य में कोई बड़ी बाधा नहीं आने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट के लिए 1000 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा, जो छोटे विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त होगा। ‘उड़ान योजना’ के तहत विकसित होने वाले इस एयरपोर्ट से 15 से 20 सीटों वाले छोटे विमान उड़ान भर सकेंगे। इसके अलावा बीचक्राफ्ट और डोरनियर जैसे विमान भी यहां से ऑपरेट किए जा सकेंगे।
अब तक सहरसा और आसपास के जिलों के लोगों को हवाई यात्रा के लिए पटना या पूर्णिया जाना पड़ता था, जो समय और खर्च दोनों बढ़ाता था। लेकिन अब सहरसा में ही एयरपोर्ट बनने से लोगों को अपने ही जिले से उड़ान भरने का मौका मिलेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा भी ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
इस एयरपोर्ट का महत्व सिर्फ यात्रा तक ही सीमित नहीं है। कोसी क्षेत्र में हर साल आने वाली बाढ़ के दौरान राहत और बचाव कार्यों में भी यह एयरपोर्ट बेहद मददगार साबित होगा। आपातकालीन स्थिति में तेजी से सहायता पहुंचाना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।
सहरसा एयरपोर्ट का यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के विकास की रफ्तार और तेज हो जाएंगी। इससे व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अब वह दिन दूर नहीं जब सहरसा के लोग अपने शहर से ही देश के बड़े महानगरों तक उड़ान भरते नजर आएंगे।




