Bihar Crime News: राघोपुर में बाढ़ के बीच सांप और जहरीले जंतु के काटने से 24 घंटे के भीतर एक बच्ची और एक महिला की मौत हो गई. दोनों घटनाएं चांदपुरा पंचायत के हैबतपुर-करारी वार्ड नंबर-1 में हुईं. लगातार हुई इन दो मौतों के बाद गांव में मातम पसरा है और मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पहली घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है. हैबतपुर गांव निवासी हरि राय की 8 वर्षीय बेटी प्रियंका कुमारी घर में सफाई के लिए रखा बोरा हटा रही थी. इसी दौरान फटे हुए बोरे से अचानक सांप निकल आया और बच्ची को डस लिया.
सांप के डसने की जानकारी प्रियंका ने परिजनों को दी. इसके बाद घरवालों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सांप को पकड़ लिया. परिजन बच्ची को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मोहनपुर लेकर गए. हालांकि, कुछ देर बाद वे बच्ची को वापस गांव ले आए और स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक कराने लगे.
इलाज के बाद भी बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ और कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई. स्थानीय समाजसेवी गौतम कुमार उर्फ गौतम बजाज ने बताया कि रेफरल अस्पताल मोहनपुर से बच्ची को वापस लाया गया था और करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई.
दूसरी घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई. हैबतपुर की रहने वाली 55 वर्षीय दनवा देवी, पति स्वर्गीय राम प्रसाद साह, बाढ़ के पानी में नहाने गई थीं. इसी दौरान पानी में किसी जहरीले जंतु के काटने की बात सामने आई.
जहरीले जंतु के काटने के बाद दनवा देवी घर लौटीं. कपड़े बदलने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गईं. इसके बाद परिजन उन्हें खाट पर लादकर बाढ़ के पानी के बीच पैदल चलते हुए पीएचसी फतेहपुर पहुंचे.
पीएचसी फतेहपुर में मौजूद चिकित्सक डॉ. निर्मल कुमार ने जांच के बाद दनवा देवी को मृत घोषित कर दिया. लगातार 24 घंटे के भीतर गांव में हुई दो मौतों के बाद लोगों में चिंता का माहौल है.
बाढ़ के कारण गांव और आसपास के इलाकों में बड़ी मात्रा में पानी जमा है. ऐसे में सांप और अन्य जहरीले जंतुओं के निकलने का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों के सामने आवागमन और इलाज तक पहुंचने की भी परेशानी बनी हुई है.





