Bihar Crime News: मोतिहारी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में पुराने विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में एक महिला समेत कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. मामले में विजय साह ने पुलिस को आवेदन देकर सात लोगों पर अपनी मां को डायन बताकर गाली-गलौज और मारपीट करने, उन पर जानलेवा हमला करने, सोने की चेन और नकदी छीनने तथा बाइक लेकर फरार होने का आरोप लगाया है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
विजय साह के अनुसार, वह अपनी मां धुनिया देवी के साथ गांव में दशरथ साह की दुकान पर भुजा खरीदने गए थे. इसी दौरान जयमंगल साह, शिव साह, रामबाबू साह, श्यामबाबू साह, धर्मवीर साह, विवेक कुमार और सन्नी कुमार कथित तौर पर लाठी, लोहे की रॉड और फरसा लेकर वहां पहुंचे. आरोप है कि सभी ने उनकी मां को घेर लिया और उन्हें डायन बताते हुए गाली-गलौज करने लगे. इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई.
लोहे की रॉड से सिर पर हमला करने का आरोप
पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान शिव साह ने उनकी मां धुनिया देवी के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया. उन्होंने बताया कि वार से बचने के दौरान उनकी मां के हाथ में गंभीर चोट लगी और हाथ टूट गया.
मां को बचाने पहुंचे बेटे पर भी हमला
विजय साह का आरोप है कि मां को बचाने के लिए जब वह आगे आए तो आरोपितों ने उन्हें भी घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. आवेदन के मुताबिक, धर्मवीर साह ने फरसा से उनके सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी. वहीं विवेक कुमार पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया है. पीड़ित के अनुसार, चाकू से उनकी भौंह और पीठ पर कई जगह चोट लगी.
कपड़े फाड़ने और गांव में घुमाने की धमकी का आरोप
आवेदन में विजय साह ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी मां के कपड़े भी फाड़ दिए गए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने महिला को पूरे गांव में घुमाने की धमकी दी. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई.
सोने की चेन और नकदी छीनने का आरोप
विजय साह ने पुलिस को दिए आवेदन में लूटपाट का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सन्नी कुमार ने उनकी मां के गले से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली. वहीं धर्मवीर साह पर उनकी जेब से 18 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया गया है.
बाइक छीनकर ले जाने की भी शिकायत
पीड़ित ने आवेदन में अपनी अपाचे मोटरसाइकिल छीनकर ले जाने का भी आरोप लगाया है. बाइक का नंबर BR05AH-5988 बताया गया है. विजय साह के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपित बाइक भी अपने साथ लेकर चले गए.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मां-बेटे को इलाज के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी में भर्ती कराया गया. दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. विजय साह ने अस्पताल से ही मुफस्सिल थाना पुलिस को आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
मुफस्सिल थाना पुलिस ने पीड़ित की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. साथ ही दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद और मारपीट की वजह की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.





