Bihar Crime News: मोतिहारी के मिस्कॉट स्थित साई बाबा मंदिर में देर रात चोरी की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया. चोरों ने मंदिर का ताला काटकर गणेश जी की मूर्ति का मुकुट चोरी कर लिया. हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान पुजारी मंदिर परिसर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है.
मंदिर का सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब
चोरी की इस घटना में मंदिर का सीसीटीवी कैमरा भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. बताया जा रहा है कि मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब है. ऐसे में पुलिस अब मंदिर के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
पुजारी मंदिर में सो रहे थे
बताया गया कि चोरी के समय पुजारी मंदिर परिसर में ही मौजूद थे और सो रहे थे. चोरों ने मंदिर का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और गणेश जी की मूर्ति का मुकुट लेकर फरार हो गए. सुबह चोरी की जानकारी सामने आने के बाद मंदिर में मौजूद लोगों को घटना का पता चला.
गश्ती पार्टी पर भी कार्रवाई
घटना को गंभीरता से लेते हुए मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कार्रवाई की है. एसपी ने इलाके में तैनात गश्ती टीम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम की जांच के आधार पर भी मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.





