Durga Puja Mela News: मोतिहारी के छतौनी बस स्टैंड परिसर में दुर्गा पूजा मेले के दौरान नशे की हालत में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने यह कार्रवाई 18 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर की. गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक ऐसा भी है, जो छतौनी थाना में दर्ज एक मामले में पहले से वांछित था.
दरअसल, दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले ही प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों और मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए गए थे. प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि पूजा के दौरान नशे की हालत में हंगामा करने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने या किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. इसी के तहत पुलिस ने छतौनी बस स्टैंड परिसर में लगे दुर्गा पूजा मेले में कार्रवाई की.
पुलिस के अनुसार, बस स्टैंड परिसर में लगे मेले में कुछ लोगों के नशे की हालत में हंगामा करने की सूचना वरीय अधिकारियों को मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी कर आठ लोगों को हिरासत में लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में छोटा बरियारपुर निवासी आकाश कुमार भी शामिल है. पुलिस के मुताबिक आकाश कुमार छतौनी थाना कांड संख्या 517/26 में वांछित था. उसके खिलाफ छतौनी थाने में शराब, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने बताया कि आकाश कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वहीं गिरफ्तार किए गए अन्य सात लोगों पर भी शराब पीने का आरोप है.
मेले में हंगामे की सूचना के बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों के बीच भी हलचल मच गई. पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.





