मुंबई/पटना: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। भिवंडी पुलिस ने आरोपी को बिहार से पकड़ा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम बिजेंद्र गुप्ता को पुणे एयरपोर्ट लेकर पहुंची, जहां से उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भिवंडी ले जाया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भिवंडी पहुंचने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा सकता है। कोर्ट से पुलिस उसकी रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे गिरोह की जानकारी जुटाई जा सके। महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले की जांच कई राज्यों तक पहुंच चुकी है और पुलिस लगातार इससे जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।
बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है बिजेंद्र गुप्ता
महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार बिजेंद्र कुमार गुप्ता मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह काफी समय से अपने गांव नहीं आता था। पुलिस अब उसके पुराने संपर्कों, आर्थिक लेनदेन और परीक्षा माफिया से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों को शक है कि बिजेंद्र गुप्ता लंबे समय से पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महाराष्ट्र के अलावा क्या उसका नेटवर्क दूसरे राज्यों में भी फैला हुआ है।
परीक्षा से 24 घंटे पहले लीक हुआ था प्रश्नपत्र
बता दें कि महाराष्ट्र में 28 जून 2026 को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित होने वाली थी। लेकिन परीक्षा से ठीक एक दिन पहले प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।जांच के दौरान भिवंडी पुलिस ने एक बड़े पेपर लीक रैकेट का खुलासा किया। पुलिस ने दावा किया कि कुछ लोग TET का प्रश्नपत्र करीब 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।आरोपियों के पास से परीक्षा के चार प्रश्नपत्र सेट भी बरामद किए गए थे। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और पुलिस बिजेंद्र गुप्ता तक पहुंची।
कई राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पेपर लीक कांड में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और संपर्कों की जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि परीक्षा पेपर लीक का यह मामला सिर्फ महाराष्ट्र तक सीमित नहीं है। पुलिस को आशंका है कि इसके तार दूसरे राज्यों के परीक्षा माफिया से भी जुड़े हो सकते हैं।
पेपर लीक पर सरकार और प्रशासन सख्त
देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के बीच महाराष्ट्र TET पेपर लीक की घटना ने एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार और जांच एजेंसियां अब ऐसे गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में हैं।परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नई तकनीकों के इस्तेमाल और सख्त निगरानी व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल बिजेंद्र कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज हो गई है। अब पुलिस पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि पेपर लीक की पूरी साजिश कैसे रची गई और इसमें कितने लोग शामिल थे।





