ब्रेकिंग
सिविल सर्जन का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से 800 ग्राम स्मैक बरामद, पूर्णिया पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा सत्यमेव जयते: जेल जाने से पहले रौशन आनंद का बड़ा बयान, कहा..‘मुझे और ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने की साजिश रची गई’डिजिटल बिहार के सपने को मिले पंख, आईटी सेवा नियमावली 2026 को कैबिनेट से मिली मंजूरीफुलवारी परिवहन परिसर में बनेगा CNG स्टेशन, 400 सरकारी बसों को रोज मिलेगी ईंधन भरने की सुविधाविक्रमशिला सेतु पर 7 जून तक बहाल होगा आवागमन, बाइक-कार को मिलेगी अनुमति, बस-ट्रक पर रोकसिविल सर्जन का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से 800 ग्राम स्मैक बरामद, पूर्णिया पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा सत्यमेव जयते: जेल जाने से पहले रौशन आनंद का बड़ा बयान, कहा..‘मुझे और ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने की साजिश रची गई’डिजिटल बिहार के सपने को मिले पंख, आईटी सेवा नियमावली 2026 को कैबिनेट से मिली मंजूरीफुलवारी परिवहन परिसर में बनेगा CNG स्टेशन, 400 सरकारी बसों को रोज मिलेगी ईंधन भरने की सुविधाविक्रमशिला सेतु पर 7 जून तक बहाल होगा आवागमन, बाइक-कार को मिलेगी अनुमति, बस-ट्रक पर रोक

सत्यमेव जयते: जेल जाने से पहले रौशन आनंद का बड़ा बयान, कहा..‘मुझे और ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने की साजिश रची गई’

खान ग्लोबल स्टडीज विवाद मामले में गिरफ्तारी के बाद ज्ञान बिंदु अकादमी के निदेशक रौशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि आखिर में सत्य की जीत होगी।

बिहार न्यूज
© सोशल मीडिया
Jitendra Vidyarthi
6 मिनट

PATNA: खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु अकादमी के निदेशक रौशन आनंद ने जेल जाने से पहले अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पूरे मामले को साजिश करार देते हुए कहा कि उन्हें और उनके संस्थान को बदनाम तथा बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है।


जेल जाने से पहले रौशन आनंद ने कहा कि हमको और ज्ञान बिंदू को बर्बाद करने की साजिश हो रही है। तीन दिन से मैं बीमार चल रहा हूं, किडनी का पेशेंट हूं। सालभर पहले मेरा ऑपरेशन हुआ है। अभी भी बीमारी से परेशान हूं। इस मामले को हाईलाइट करके हमको जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोई आगे बढ़ता है तो उसको दबाने की कोशिश की जाती है। वही काम मेरे साथ खान सर कर रहे हैं। यह सोची समझी राजनीतिक षड्यंत्र है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। अब देखिये मुझे न्याय मिल पाता है या नहीं यह देखने वाली बात होगी। 


खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु अकादमी के निदेशक रौशन आनंद ने कोर्ट में पेशी और जेल भेजे जाने से पहले कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके संस्थान को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। रौशन आनंद ने कहा कि पटना पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में भी यह स्पष्ट किया गया है कि अब तक की जांच में गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद मामले को इस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, मानो गोलीबारी हुई हो और उसी आधार पर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।


उन्होंने दावा किया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं थी और वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे हैं। रौशन आनंद ने बताया कि वह किडनी के मरीज हैं तथा करीब एक वर्ष पहले उनका ऑपरेशन भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के समय भी वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। ज्ञान बिंदु अकादमी के निदेशक ने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में उनके संस्थान के अच्छे परिणाम आने के बाद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के कारण संस्थान लगातार आगे बढ़ रहा था, जिसे कुछ लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।


रौशन आनंद ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और सत्य अंततः सामने आएगा। उन्होंने कहा, "भारत का राष्ट्रीय आदर्श वाक्य सत्यमेव जयते है। हमें विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी और हम निर्दोष साबित होंगे।" उन्होंने पूरे घटनाक्रम को पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए कहा कि न्यायालय के फैसले का इंतजार किया जाना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।


वहीं खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच विवाद को लेकर सांसद पप्पू यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को किसी भी कीमत पर विवाद और टकराव का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए। पप्पू यादव ने कहा कि हर कोचिंग संस्थान का अपना महत्व है और खान सर तथा रौशन आनंद दोनों ही उनके लिए सम्माननीय हैं। उन्होंने कहा कि दोनों शिक्षक बिहार और उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों के बीच लोकप्रिय हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी अपनी पहचान है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि "खान सर और रौशन आनंद दोनों मेरे दिल के टुकड़े हैं। यदि किसी से कोई गलती हुई है तो मैं हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि विवाद को यहीं खत्म किया जाए।"


पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रौशन आनंद किसी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं। वहीं उन्होंने खान सर से भी विवादों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि वह एक वैश्विक पहचान रखने वाले शिक्षक हैं और उन्हें अनावश्यक विवादों से बचना चाहिए। सांसद ने कहा कि कुछ लोग दोनों शिक्षकों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन छात्रों और शिक्षा जगत के हित में ऐसे प्रयासों को विफल किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोचिंग संस्थान जाति के आधार पर नहीं चलते और न ही किसी प्रतियोगी परीक्षा में चयन जाति के आधार पर होता है।


इस दौरान पप्पू यादव ने राष्ट्रीय राजनीति, पश्चिम बंगाल की स्थिति और दल-बदल की राजनीति पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने रिशु श्री सिन्हा मामले का भी जिक्र करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े विवाद की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है और जांच जारी है।


दरअसल, मंगलवार देर शाम कुछ लोगों ने खान सर के कोचिंग संस्थान पर पथराव और तोड़फोड़ की थी। इस दौरान संस्थान के एक गार्ड के साथ मारपीट भी की गई थी। घटना के बाद खान सर ने प्रतिद्वंद्वी ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों पर हमला कराने का आरोप लगाया था। शुरुआत में उन्होंने गोलीबारी होने का दावा किया, लेकिन बाद में फायरिंग की बात से इनकार कर दिया। वहीं, पटना पुलिस ने भी अब तक की जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।