PATNA: खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैजल खान उर्फ खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुए बवाल मामले में न्यायिक हिरासत में बंद ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद उर्फ रौशन सर ने एक बार फिर जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। निचली अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने पटना जिला एवं सत्र न्यायालय में नियमित जमानत याचिका दाखिल की है, जिस पर गुरुवार को सुनवाई होगी।
इससे पहले पटना के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा की अदालत ने रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है, इसलिए फिलहाल उन्हें जमानत नहीं दी जा सकती। निचली अदालत से झटका मिलने के बाद रौशन आनंद के अधिवक्ताओं ने जिला एवं सत्र न्यायालय में नियमित जमानत याचिका दायर की है। अब सभी की नजरें गुरुवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर इलाके स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की घटना हुई थी। खान सर के मैनेजर की शिकायत पर कदमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें रौशन आनंद समेत कई लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस ने 3 जून को रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। तब से वे बेऊर केंद्रीय कारा में बंद हैं।
रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए थे। छात्रों का कहना है कि रौशन सर निर्दोष हैं और उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। उनकी रिहाई की मांग को लेकर कई बार प्रदर्शन भी किया जा चुका है। वहीं, इसी विवाद से जुड़े फायरिंग मामले में खान सर को पटना सिविल कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगाते हुए सरकार से जवाब तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई 20 जून को निर्धारित की गई है।
इसके अलावा खान सर ने पटना हाईकोर्ट में भी याचिका दायर कर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने तथा बंद पड़े कोचिंग संस्थान को फिर से खोलने की अनुमति देने की मांग की है। फिलहाल कोचिंग विवाद से जुड़े इस बहुचर्चित मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और सभी पक्षों की नजर अदालत के आगामी फैसलों पर टिकी हुई है।
छातापुर से बीजेपी विधायक और बिहार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह उर्फ नीरज बबलू ने खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के संस्थापक खान सर को फर्जी आदमी बताया और कार्रवाई की मांग की। नीरज बबलू ने कहा कि ई जो खान हैं ना जिसको फैजल खान करते हैं, एक नंबर का फ्रॉड है ई खनवा, इसका यूपी में ही घर परिवार के लोग कह रहे हैं कि यह कोई टीचर नहीं बल्कि फर्जी आदमी है। यह पढ़ाई कम करता है, नेतागिरी ज्यादा बतियाते रहता है और डॉयलोगबाजी ज्यादा करता रहता है।
पटना में कोचिंग सेंटर पर हमला, तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। वही कोर्ट ने खान सर को अंतरिम राहत देते हुए गिरफ्तारी या अन्य दंडात्मक कार्रवाई किए जाने पर फिलहाल रोक लगा दी है। कोर्ट का अगला आदेश आने तक वो कहीं भी आने-जाने के लिए स्वतंत्र हैं। जबकि इसी मामले में आरोपी ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया है। रौशन आनंद की जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया। अब रौशन आनंद के वकील उनकी जमानत कराने को लेकर नए सिरे से तैयारी शुरू कर दी है।
खान सर को लेकर पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कहा कि जिस तरह से यह अपना संस्था खड़ा किया है इसका ना तो कोचिंग रजिस्टर्ड है और ना ही हॉस्पिटल रजिस्टर्ड है। कही कोई इसका रजिस्टर्ड नहीं है। इसका बॉडीगार्ड गोली चलाया है कि इस पर तो कार्रवाई पहले होनी चाहिए थी।
नीरज बबलू ने आगे कहा कि हमको लगता है कि इसमें पुलिस देर कर दी है। फिलहाल अगर स्टे मिला है तो यह फाइनल स्टे नहीं है। अभी कोर्ट में मामला है यदि आने वाले समय में पुलिस को मौका मिलता है तो पुलिस को इसके ऊपर कार्रवाई करनी चाहिए।
वही ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के जेल भेजे जाने पर नीरज कुमार बबलू ने कहा कि जिस तरह से रौशन आनंद को जबरदस्ती फंसाया गया है, रौशन आनंद कोसी इलाके का है। हम उसको व्यक्तिगत रूप से भी जानते हैं, वह अच्छा लड़का है। रौशन आनद का अच्छा और सपोर्टर ज्यादा है। वो बच्चों को अच्छा पढ़ाता है। रौशन आनंद के साथ अन्याय हुआ है। रौशन के साथ बिलकुल गलत हुआ है। जबकि खान फर्जी आदमी है उसके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए थी।





